इटारसी। पूर्व पार्षद रजनीकांत सोनकर के पुत्र राहिल ओर अनुज सोनकर ने न्यास कॉलोनी में नगर पालिका के पंप ऑपरेटर शुभम इंगोले के साथ जमकर मारपीट कर दी। यह विवाद इसलिए हुआ क्योंकि पंप ऑपरेटर ने सोनकर परिवार के भवन में पानी सप्लाई करने का दबाव बनाने का विरोध किया था और बिना अनुमति अलग से पानी सप्लाई करने में असमर्थता जताई थी। सिटी थाना से प्राप्त जानकारी के अनुसार बंगाली कालोनी निवासी शुभम पिता माणिकराव इंगोले ने शिकायत दर्ज कराई कि मंगलवार दिनांक 17 जून को शाम करीब साढ़े 4 बजे जब इंगोले न्यास कॉलोनी की टंकी भर रहा था तभी राहिल सोनकर अपने भाई अनुज सोनकर के साथ आया और गाली देते हुए उनके भवन में पानी सप्लाई करने के लिए दबाबबनाने लगे। पंप ऑपरेटर के मना करने पर दोनों आरोपियों ने उसके साथ जमकर गाली गलौच तक की की और यहां पर भी न रुकते हुए मारपीट भी कर डाली। विवाद में बीच बचाव करने करण बरगले ओर राहुल बरगले आए तो दोनों आरोपी ने पंप ऑपरेटर इंगोले से कहा कि आज तो बच गया अगली बार अकेला मिलेगा तो जान से खत्म कर देंगे। इस मामले की जानकारी विधायक डॉ सीताशरण शर्मा ओर नपाध्यक्ष पंकज चौरे को लगी तो फरियादी शुभम इंगोले को थाने भेजकर मामला दर्ज करवाया गया। पुलिस ने आरोपी राहिल सोनकर के खिलाफ बीएनएस की धारा 296 सार्वजनिक स्थानों पर गंदे शब्दों का इस्तेमाल, स्वेच्छा से चोट पहुंचाना की धारा 115(2), जान से मारने की धमकी धारा 351(3), एक से अधिक आरोपी की धारा 3 (5) के तहत मामला पंजीबद्ध कर जांच प्रारंभ कर दी है।

