
इटारसी। इटारसी स्टेशन पर चलती ट्रेन में चढ़ने का प्रयास कर रहे एक यात्री का संतुलन बिगड़ गया जिससे वह प्लेटफार्म पर गिर पड़ा। संयोग से वह प्लेटफार्म और ट्रेन के बीच वाले गैप में नहीं आया वरना उसकी जान चली जाती। जिन लोगों के सामने यह घटनाक्रम हुआ उनका कलेजा भी मुंह तक आ गया था। घायल यात्री को आरपीएफ स्टाफ ने अस्पताल भिजवाया। जानकारी के अनुसार जबलपुर जाने वाली महानगरी एक्सप्रेस इटारसी स्टेशन के प्लेटफार्म 03 से जब चलने लगी तो एक यात्री दीपक विश्वकर्मा निवासी भोपाल ने दौड़कर ट्रेन में चढ़ने का प्रयास किया। चढ़ने के प्रयास में उनका संतुलन बिगड़ गया और वे प्लेटफार्म पर गिरकर घायल हो गये। यात्री की किस्मत अच्छी थी कि वे चलती ट्रेन में नीचे आने से बच गए वरना बड़ा हादसा हो जाता। हादसे की सूचना प्राप्त होने पर तत्काल आरपीएफ स्टाफ इटारसी तथा उपस्टेशन प्रबंधक मौके पर पहुचें। डॉक्टर को बुलवाया गया। डॉक्टर द्वारा यात्री को चैक कर उसका प्राथमिक उपचार किया गया और एबुंलेंस से निजी अस्पताल भिजवाया।
