इटारसी। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव (cm dr mohan yadav) की अध्यक्षता में मंगलवार दोपहर में पचमढ़ी राजभवन में कैबिनेट की विशेष बैठक आयोजित की गई। यह बैठक जनजातीय गौरव और शौर्य के प्रतीक रहे राजा भभूत सिंह को समर्पित रही। बैठक में इटारसी के निकट बड़ा लॉजिस्टिक हब विकसित करने के प्रस्ताव पर चर्चा के बाद स्वीकृति दी गई। मंच से मुख्यमंत्री ने नर्मदापुरम विधायक डॉ सीतासरन शर्मा के नाम का उल्लेख करते हुए कहा कि डॉक्टर साहब आपका 2011 का एक लॉजिस्टिक हब का प्रस्ताव बहुत दिन से पेंडिंग था हमने आज उसको स्वीकृति दे दी है। अब इटारसी में एक मल्टी लॉजिस्टिक हब (multy logostick hub) बनाया जाएगा। सूत्रों के मुताबिक करीब 80 एकड़ भूमि दुबई की कंपनी डीपीआई को दिए जाने पर विचार किया जा रहा है। वर्ष 2012 में इसी परियोजना के लिए पुणे की एक कंपनी को जमीन देने की तैयारी की गई थी, लेकिन वह कार्य शुरू नहीं कर सकी थी। अब दुबई की कंपनी ने इस परियोजना में इच्छा जताई है। प्रस्तावित हब से माल का लोडिंग और अनलोडिंग इटारसी से मुम्बई पोर्ट तक डबल लाइन कनेक्टिविटी के माध्यम से आसानी से की का सकेगी।
सीएम विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन करेंगे
प्रशासनिक दृष्टि से महत्वपूर्ण इस बैठक के साथ ही मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने पचमढ़ी मेंं पर्यटन और अन्य विभागों के कुल 33.88 करोड़ रुपये के विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन भी किया। इससे पहले मुख्यमंत्री डॉ यादव ने मंत्री परिषद के साथ दोपहर 3.40 बजे कोरकू पवित्र स्थल का भ्रमण भी किया। मुख्यमंत्री ने मंत्री परिषद के सदस्यों के साथ राजा भभूत सिंह उद्यान में पौधारोपण भी किया। पचमढ़ी में पिछली बार मार्च 2022 में कैबिनेट बैठक हुई थी उस वक्त मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान थे।
