राज्यमंत्री नरेंद्र शिवाजी पटेल ने किया भूमिपूजन

नर्मदापुरम। शनिवार को सोहागपुर में लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग के राज्य मंत्री नरेन्द्र शिवाजी पटैल द्वारा 9 करोड़ 19 लाख रुपये की लागत से बनने वाले 50 बिस्तरीय सिविल अस्पताल तथा ग्राम सोनपुर में 65 लाख रुपये की लागत से बनने वाले उप स्वास्थ्य केंद्र का भूमि पूजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन शासकीय अस्पताल सोहागपुर प्रांगण में किया गया।उल्लेखनीय है कि वर्तमान में संचालित शासकीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का उन्नयन कर इसे सिविल अस्पताल में परिवर्तित किया जा रहा है, जिससे क्षेत्र के नागरिकों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध हो सकेंगी। भूमिपूजन कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग म.प्र. के राज्य मंत्री नरेन्द्र शिवाजी पटैल, विशेष अतिथि के रूप में लोक सभा सांसद नर्मदापुरम-नरसिंहपुर संसदीय क्षेत्र दर्शन सिंह चौधरी एवं राज्यसभा सांसद माया नारोलिया और विशिष्ट अतिथि के रूप में भाजपा जिलाध्यक्ष प्रीति शुक्ला मौजूद रही।
प्रदेश में स्वास्थ्य सेवा के लिए 22 हजार करोड़ का बजट
लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग के राज्य मंत्री नरेन्द्र शिवाजी पटैल ने कहा कि मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव की सरकार बेहतरीन एवं उच्च स्तरीय स्वास्थ्य सेवाओं को प्रदेश के हर नागरिक तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि इस वर्ष प्रदेश के आम बजट में से लगभग 22 हज़ार करोड़ रुपए केवल स्वास्थ्य सेवाओं के लिए निश्चित किया गया है। केंद्र सरकार एवं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का लक्ष्य है कि 2047 तक देश को विकसित राष्ट्र के रूप में विश्व पटल पर स्थापित किया जाए। इसके लिए स्वास्थ्य सेवाओं को और मजबूत बनाए जाने के लिए उनके द्वारा आयुष्मान भारत योजना प्रारंभ की गई तथा देश के विभिन्न स्थानों में आयुष्मान मंदिर भी स्थापित किए गए हैं।
मंत्री ने सोहागपुर विधायक की प्रशंसा की
उन्होंने सोहागपुर विधायक विजयपाल सिंह की प्रशंसा करते हुए कहा कि यह उनकी सक्रियता का ही प्रतिफल है कि क्षेत्र को पूर्व में उप स्वास्थ्य केंद्रों एवं वर्तमान में सिविल अस्पताल तथा अन्य सुविधाएं निरंतर प्राप्त हो रही है। भूमि पूजन कार्यक्रम के दौरान मंत्री पटेल ने अपने जन्म स्थान का उल्लेख करते हुए कहा कि ऐसा लग रहा है कि सिविल अस्पताल की सौगात हमारे क्षेत्र को ही मिल गई है क्योंकि मेरा जन्म स्थान भी नर्मदापुरम जिले के सोहागपुर विधानसभा क्षेत्र के निकट ही है। स्वास्थ्य मंत्री पटेल ने कहा कि जिस प्रकार नरेंद्र मोदी ने केंद्र से विकास की गंगा बहाई है, उसका उतना ही लाभ सोहागपुर क्षेत्र को भी मिल रहा है।
मध्यप्रदेश में खुलेंगे पीपीपी मोड में 12 नए मेडिकल कालेज
भूमिपूजन कार्यक्रम के दौरान मंत्री पटेल ने बताया कि वर्तमान में प्रदेश में 30 मेडिकल कॉलेज संचालित हैं और 12 और मेडिकल कॉलेजों को पीपीपी मोड पर खोलने की योजना है। सरकार का लक्ष्य है कि भविष्य में प्रदेश में 50 से अधिक मेडिकल कॉलेज संचालित किए जाएं ताकि राज्य को अधिक प्रशिक्षित डॉक्टर और स्वास्थ्य कर्मी मिल सकें। उन्होंने बताया कि सोनपुर के उप स्वास्थ्य केंद्र का भूमि पूजन भी किया गया है जिसमें एएनएम एवं सीएचओ के केंद्र पर ही निवास की व्यवस्था रहेगी। कार्यक्रम के दौरान मंच के माध्यम से मंत्री पटेल ने कहा कि शासन की व्यवस्थाओं को और अधिक सुगम एवं सुचारू बनाने के लिए समाज के लोगों को भी योगदान देना चाहिए, उन्होंने कहा कि मंत्री, विधायक, सांसद भी समाज के ही घटक हैं।
सांसद बोले सिविल अस्पताल सौगात से कम नहीं
लोकसभा सांसद दर्शन सिंह चौधरी ने प्रदेश सरकार ने स्वास्थ्य सुविधाओं को हर नागरिक तक पहुंचाया जाए, इसलिए आज सोहागपुर में यह 50 बिस्तरीय सिविल अस्पताल की सौगात मिली है। मैं ईश्वर से प्रार्थना करता हूं कि अस्पताल के एक भी बिस्तर कभी भी ना भरे, सभी लोग निरोगी रहें तथा स्वस्थ रहें। उन्होंने बताया कि हमारे स्वास्थ्य सेवाओं की ताकत कोविंड काल के समय भी देखी गई है। जहां हमारे स्वास्थ्य अमले ने महामारी का डट कर सामना किया।तथा यह हमारे प्रधानमंत्री की दूरदर्शी सोच का ही उदाहरण है कि देश में कोविड वैक्सीन को बनाया गया एवं उसे निशुल्क आम लोगों तक पहुंचाई गई। सांसद चौधरी ने कहा कि राज्य सरकार निरंतर कार्य कर रही है कि प्रदेश को स्वर्णिम प्रदेश के रूप में विकसित किया जाए तथा विधायक विजयपाल सिंह भी पूरे विधानसभा क्षेत्र को स्वर्णिम एवं आदर्श विधानसभा क्षेत्र के रूप में विकसित करने के लिए सक्रिय रूप से प्रयासरत हैं।
राजसभा सांसद बोली, जनता को होगा लाभ
सिविल अस्पताल के भूमि पूजन कार्यक्रम के अवसर पर राज्य सभा सांसद माया नारोलिया ने सोहागपुर के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का सिविल अस्पताल के रूप में उन्नयन किए जाने के लिए मंत्री श्री पटेल को बहुत-बहुत बधाई एवं धन्यवाद देते हुए कहा कि भारत के प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी द्वारा यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि देश में स्वास्थ्य सेवाओं का भरपूर विस्तार किया जाए तथा उन्हें अत्यधिक बेहतर बनाया जाए। इसी संकल्प की एक कड़ी सोहागपुर का सिविल अस्पताल बनेगा। केंद्र और राज्य सरकार द्वारा भविष्य में और अधिक स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार किया जाएगा।
सोहागपुर विस में 18 उपस्वास्थ्य केंद्रों की भी स्वीकृति
सोहागपुर विधायक विजयपाल सिंह ने कहा कि मध्य प्रदेश सरकार सतत विकास कार्यों को आगे बढ़ा रही है। इसी कड़ी में आज सोहागपुर को एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि के रूप में सर्वसुविधायुक्त सिविल अस्पताल की सौगात मिली है। इस अस्पताल में ब्लड बैंक, लैब, स्वास्थ्य कर्मचारियों के ठहरने की व्यवस्था सहित कई अन्य स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध होंगी। विधायक सिंह ने राज्य सरकार द्वारा स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार को लेकर किए जा रहे प्रयासों की सराहना करते हुए लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग के राज्य मंत्री नरेंद्र शिवाजी पटेल का आभार व्यक्त किया। उन्होंने बताया कि सोहागपुर विधानसभा क्षेत्र के लिए 18 उप स्वास्थ्य केंद्रों की स्वीकृति दी गई है, जिससे क्षेत्र की स्वास्थ्य सुविधाओं को और अधिक मजबूती मिलेगी। विधायक सिंह ने कहा कि राज्य सरकार गरीब कल्याण के लिए निरंतर कार्य कर रही है और स्वास्थ्य सेवाओं की किसी भी कमी को दूर करने के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं। साथ ही, उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत क्षेत्र में लगभग 50,000 नए आवासों के आने की भी पूरी उम्मीद है। केंद्र एवं राज्य सरकार की कोशिश है कि 2028 तक हर गरीब को पक्का आवास मिले। उन्होंने कहा कि यह पहल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजन के अनुरूप है, जिसमें हर नागरिक को बेहतर स्वास्थ्य और आवासीय सुविधाएं उपलब्ध कराना प्राथमिकता में शामिल है।
कार्यक्रम में यह रहे मौजूद
इस अवसर पर पूर्व विधायक सविता दीवान शर्मा, नगर पालिका अध्यक्ष लता यशवंत पटेल, एसडीएम सोहागपुर असवन राम चिरामन, सीएमएचओ नर्मदापुरम डॉ दिनेश देहलवार, बीएमओ सोहागपुर डॉ संदीप केरकेट्टा, मुख्य नगर पालिका अधिकारी जी.एस. राजपूत, सीईओ जनपद पंचायत सोहागपुर संजय अग्रवाल, अश्विनी सरोज, सहित अन्य जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी, स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी तथा कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।