जयस्तंभ पर कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने बजाई घंटी, नगर अध्यक्ष ने बने पुजारी, बिना शक्कर का बाजार में हलवा बाँटकर भाजपा पर किया टारगेट…

महंगाई के खिलाफ इटारसी नगर कांग्रेस का जंगी विरोध प्रदर्शन

इटारसी। रक्षाबंधन त्यौहार के पहले चीनी के दाम में की गई बढ़ोतरी के विरोध में कांग्रेस ने जयस्तंभ पर अनूठा विरोध प्रदर्शन किया। कांग्रेस के नगर अध्यक्ष ने जहां पुजारी की वेशभूषा धारण की तो कांग्रेस जिलाध्यक्ष घंटी बजाकर भाजपा के विरोध में आवाज बुलंद की। कांग्रेसियों ने शक्कर के बढ़े हुए दामों के विरोध में बाजार में बिना शक्कर का हलवा वितरित कर भाजपा सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। बढ़ती महंगाई और आम जनता की परेशानियों को मुद्दा बनाकर कांग्रेस अब लगातार मुखर होती जा रही है। कांग्रेस समय-समय पर जनहित के मुद्दे उठाकर सूबे में कांग्रेस की जड़ों को मजबूत करने के लिए पूरी ताकत से जुटी है। इसी कड़ी में गुरुवार को कांग्रेस ने चीनी की मिठास भुलाने वाली भाजपा सरकार को कटघरे में खड़ा करने के लिए फीका हलवा बांटने का अनूठा प्रदर्शन किया। कांग्रेस का यह अनूठा प्रदर्शन बाजार में सबके बीच चर्चा का विषय बना।

नारेबाजी से गूंजा जयस्तंभ चौक, पानी से भी नहीं टूटी लय

इटारसी नगर कांग्रेस कमेटी ने जिला कांग्रेस अध्यक्ष शिवाकांत (गुड्डन) पाण्डेय एवं नगर कांग्रेस अध्यक्ष कन्हैया गोस्वामी के नेतृत्व में यह विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार की नीतियों के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और आम जनता की आवाज को बुलंद किया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने अनोखे तरीके से विरोध दर्ज कराते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को तिलक लगाकर एवं आरती कर प्रतीकात्मक विदाई दी। साथ ही बढ़ती शक्कर की कीमतों को लेकर बिना शक्कर का हलवा वितरित कर महंगाई के प्रति अपना आक्रोश व्यक्त किया।

जिलाध्यक्ष बोले, भाजपा ने त्यौहार की छीनी मिठास

जिला कांग्रेस अध्यक्ष शिवाकांत (गुड्डन) पाण्डेय ने कहा कि भाजपा सरकार की गलत नीतियों के कारण आज देश का हर वर्ग महंगाई से परेशान है। खाद्य सामग्री सहित रोजमर्रा की जरूरतों के सामान के बढ़ते दामों ने आम आदमी का बजट बिगाड़ दिया है। त्यौहार के पहले शक्कर जैसी जरूरी सामग्री के दाम बेतहाशा बढ़ाकर रक्षाबंधन की मिठास छीन ली है। मिठाइयों के दाम बढ़ने से आम जनता के लिए त्यौहार मनाना मुश्किल हो गया है। कांग्रेस पार्टी हमेशा जनता के हक और अधिकार की लड़ाई लड़ती रही है और आगे भी जनता के साथ मजबूती से खड़ी रहेगी। नगर कांग्रेस अध्यक्ष कन्हैया गोस्वामी ने कहा कि त्यौहारों के समय शक्कर के दाम बढ़ाकर भाजपा सरकार ने गरीब परिवारों की खुशियों की मिठास छीन ली है। आज आम गरीब परिवार के लिए त्योहार मनाना भी मुश्किल हो गया है। जनता अब ऐसी जनविरोधी नीतियों का जवाब देने के लिए तैयार है। उन्होंने कहा कि महंगाई के खिलाफ कांग्रेस का संघर्ष लगातार जारी रहेगा। बारिश के बीच भी कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन कर यह संदेश दिया कि जनता के मुद्दों की लड़ाई पूरी ताकत के साथ लड़ी जाएगी। इस दौरान बाजार में मौजूद लाड़ली बहनों और आम नागरिकों ने भी कांग्रेस के आंदोलन का समर्थन किया।

यह रहे प्रदर्शन में मौजूद

महंगाई के खिलाफ कांग्रेस के इस प्रदर्शन में कांग्रेस नेता टप्पू मिश्रा, अभय दुबे, संतोष गुरयानी, जिला कोषाध्यक्ष अतुल तिवारी, उपाध्यक्ष बल्ला यादव, पार्षद संजय ठाकुर, अमित कापरे, प्रवीण गांधी, राजेंद्र गोस्वामी, प्रवक्ता मुकेश शर्मा पिंकी, मंडलम अध्यक्ष सोनू बकोरिया, राजकुमार यादव, संजय धर, अमोल सरकार, अर्जुन कुचबदिया, दिनेश मासाब डीके, मनीष सोनी, कृष्णा चौधरी, राजकुमार यादव सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

फीका हलवा वितरण
जयस्तंभ पर विरोध करते कांग्रेसी
नगर अध्यक्ष कन्हैया गोस्वामी
कांग्रेस जिलाध्यक्ष गुड्डन पांडे

Leave a Reply