डंपर के पिछले पहिए में दबकर गई थी युवक की जान, ड्राइवर ने खुद को बचाने ऊपर से डाल दी थी मिट्टी….

मोहासा में दावत कंपनी के प्लांट की जमीन पर लगे मिट्टी के ढेर से निकली थी लाश

नर्मदापुरम।  मोहासा इंडस्ट्रियल एरिया में दो दिन पहले 15 मई को दावत फैक्ट्री के प्लांट पर डाली गई मिट्टी के ढेर से मिली अतुल यादव की लाश ने सनसनी फैला दी थी। परिजनों के हंगामे के बाद जब मिट्टी के ढेर में सर्चिंग की गई तो उसमें अतुल यादव का शव मिला था। पहले पुलिस इसे दुर्घटना समझ रही थी मगर जब जांच आगे बढ़ी तो मामले में चौंकाने वाला खुलासा हुआ। दरअसल डंपर के ड्राइवर ने अतुल यादव के पिछले पहिए की चपेट में आने के बाद उसकी लाश देखकर मामले को दबाने के लिए उस पर मिट्टी डाल दी थी। पुलिस ने आरोपी डंपर ड्राइवर को गिरफ्तार कर लिया है।

यह था मामला

नर्मदापुरम निवासी अतुल यादव डम्फर क्र.- KA 51AM 4417 के साथ मोहासा में दावत कंपनी के प्लांट की साइट पर मिट्टी डालने गया था। 15 मई 2026 की रात करीब साढ़े 3 बजे डंपर मिट्टी खाली करने के लिए साइट पर पहुंचा था। डंपर का चालक राजू उर्फ राजेश पिता मोहनसिंह श्रीवास्तव निवासी नोनिया बरेली जिला रायसेन मिट्टी डालने के लिए जगह तलाशते हुए डंपर रिवर्स कर रहा था उसी दौरान अतुल यादव पिछले पहिए की चपेट में गया जिससे उसकी मौत हो गई। इस घटना के बाद ड्राइवर ने अंधेरे का लाभ उठाते हुए अतुल यादव के शव पर ही मिट्टी डाल दी। करीब 7 फीट ऊंचे मिट्टी के ढेर के नीचे शव दबाकर डंपर चालक वाहन लेकर चला गया।

दूसरे दिन हुआ हंगामा

मृतक अतुल जब अपने घर नहीं पहुंचा और उसका मोबाइल भी बंद मिला तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। अंतिम बार उसे दावत कंपनी की साइट पर देखे जाने की जानकारी के आधार पर पुलिस और प्रशासन की टीम ने साइट पर पड़ी मिट्टी को जेसीबी से हटवाया ताकि मौके की सर्चिंग हो सके। मिट्टी हटते ही युवक का शव बाहर निकल आया जिसके बाद परिजनों ने हंगामा कर दिया। प्रशासन की मध्यसता के बाद परिजनों को साढ़े सात लाख रूपये, बीमा क्लेम की राशि और 50 हजार रूपये क्रियाकर्म के लिए देने पर सहमति बनी तब परिजनों ने शव उठने दिया।

जांच में ड्राइवर पर बढ़ा संदेह

पुलिस जांच में जब सारे सबूत डंपर चालक राजू श्रीवास्तव की तरफ इशारा करने लगे तो पुलिस ने उसे बुलाकर सख्ती से पूछताछ की तो उसने साइट पर हुए पूरे घटनाक्रम को कबूल कर लिया। इस अंधे कत्ल के खुलासे के लिए सोहागपुर एसडीओपी संजू चौहान और उनकी टीम पूरी सक्रियता से लगी रही। आरोपी से डंपर जप्त कर वैधानिक कार्यवाही की जा रही है। उक्त कार्यवाही में पुलिस टीम के उनि आकाशदीप पचाया (प्रभारी), उनि अशोक बरबडे, उनि लाहनू उबनारे, सउनि अशोक अठोले, सउनि गोपाल पाल, सउनि वीरेन्द्र शुक्ला, सउनि दिनेश पाल, सउनि प्रकाश सिंह राजपूत, प्र. आर. अजय, प्र. आर. मनोज, प्र. आर. सुनील, प्र. आर. महेन्द्र, प्र. आर. तरूण , प्र. आर. हरीश मालवीय, आर. नरेश मलिक, आर. गजेन्द्र चौहान, आर. सुनील उमरिया, आर. शुभम, आर. नरेन्द्र, आर. रविन्द्र, म. आर. स्वाति की भूमिका रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *