इटारसी। जमानी सर्किल की सोठिया बीट के ग्राम छीपापुरा में दो ग्रामीणों को जंगली सूअर के मांस की दावत उड़ाने से पहले ही वन विभाग की टीम ने धरदबोचा। आरोपियों ने एक बाल्टी में अधपका मांस संभालकर रखा था। इन आरोपियों की गिरफ्तारी बेहतर मुखबिरी तंत्र की वजह से हो सकी। आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया गया है जानकारी के अनुसार वन परिक्षेत्र इटारसी के अंतर्गत वन परिक्षेत्र अधिकारी इटारसी को रात्रि 11 बजे मुखबिर के माध्यम से पुख्ता सूचना प्राप्त हुई थी कि जमानी सर्किल के सोठिया बीट के निकट स्थित ग्राम छीपापुरा में वन्यप्राणी का शिकार कर पकाने की योजना बनाई जा रही है। सूचना की गंभीरता को देखते हुए वन परिक्षेत्र अधिकारी द्वारा तत्काल एक विशेष टीम का गठन किया गया और मौके पर स्टाफ को रवाना किया गया। मध्य रात्रि में परिक्षेत्र सहायक जमानी, परिक्षेत्र सहायक मातापुरा, चौकी प्रभारी बागदेव एवं अन्य स्टाफ की टीम ने बताए गए स्थान पर दबिश दी तो सूचना सही निकली घेराबंदी के दौरान एक बाल्टी में अधपका मांस बरामद किया गया। प्रथम दृष्टया बाल्टी में रखा मांस जंगली सूअर का बताया गया है। मौके से दो आरोपियों को हिरासत में लिया गया है। वन विभाग द्वारा आरोपियों के विरुद्ध वन अपराध प्रकरण क्रमांक 17002/12, दिनांक 03/05/2026 पंजीबद्ध किया गया है। दोनों आरोपियों को बागदेव चौकी लाया गया। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में मामले की विस्तृत विवेचना जारी है। आरोपियों का मेडिकल परीक्षण कराने के बाद न्यायालय संबंधी प्रक्रिया होगी

