स्वप्नेश्वर हनुमान मंदिर तक आवागमन होगा आसान, बनेगी सीमेंट सड़क…

राज्यसभा सांसद ने स्वीकृत की 4 लाख की राशि

इटारसी। मालवीयगंज स्थित सरस्वती स्कूल के पास से स्वप्नेश्वर हनुमान मंदिर तक की सड़क कच्ची होने से मंदिर जाने वाले हजारों श्रद्धालुओं को बहुत परेशान होना पड़ता है। लंबे समय से इस सड़क के निर्माण की आवश्यकता महसूस की जा रही थी मगर इस पर ध्यान नहीं दिया जा रहा था। राज्यसभा सांसद माया नारोलिया के संज्ञान में इस सड़क से जुड़ी हजारों लोगों की समस्या आने के बाद 4 लाख रूपये की राशि स्वीकृत की है। इस राशि के स्वीकृत होने के बाद इस सड़क के बनने का रास्ता साफ हो गया है। राज्यसभा सांसद माया नारोलिया ने अपनी विकास निधि से वार्ड-19 विश्वकर्मा नगर, इटारसी में स्वप्नेश्वर हनुमान धाम से एक्सीलेंट मैरिज गार्डन की ओर सीसी मार्ग निर्माण के लिये 4,00,000 रुपये की राशि की स्वीकृति देकर शहर विकास के लिए अपनी प्रतिबद्धता जाहिर कर दी है। जिला भाजपा सह मीडिया प्रभारी राजा तिवारी ने बताया कि एक मैरिज गार्डन से लेकर स्वप्नेश्वर मंदिर तक सड़क निर्माण के लिये राज्यसभा सांसद माया नारोलिया ने 4 लाख रुपये की राशि स्वीकृति दी है। जल्द ही सड़क का निर्माण कार्य शुरू होगा। इस सड़क के बनने से बारिश में भी श्रद्धालुओं को मंदिर जाने में आसानी होगी।