इटारसी। नगरपालिका चुनाव में अभी करीब 2 साल का समय बाकी है। पहले परिसीमन तो हो जाए उसके बाद ही तस्वीर साफ होगी कि टिकट किसे मिलेगी। टिकट मांगना हर कार्यकर्ता का अधिकार है और टिकट किसे देना है, ये वरिष्ठ नेताओं का निर्णय होता है। कांग्रेस जिस किसी को भी अपना प्रत्याशी बनाएगी, हम सब मिलकर कांग्रेस की जीत और नगरपालिका में कांग्रेस की वापसी के लिए मिलकर काम करेंगे।
यह बात पत्रकार भवन में नगर कांग्रेस कमेटी के पूर्व अध्यक्ष मयूर जायसवाल ने पत्रकार वार्ता में कहीं पत्रकार वार्ता का आयोजन युवक कांग्रेस के बैनर तले शुरू होने वाले वार्ड-वार्ड चलो अभियान के सिलसिले में किया गया था।

काम कम और भ्रष्टाचार ज्यादा हुआ
पत्रकार वार्ता में पूर्व नगराध्यक्ष मयूर जायसवाल ने कहा कि शहर की हालत खराब है और जनता मूलभूत सुविधाओं के लिए परेशान हो रही है। पिछले 10 साल में इटारसी नगरपालिका ने शहर में कोई विकास कार्य नहीं किए है। केवल पूर्व नपाध्यक्ष स्व प्रकाश वल्लभ सोनी जी के कार्यकल को छोड़कर भाजपाशासित किसी नगरपालिका के कार्यकाल में कोई कार्य नहीं हुए है जबकि कांग्रेस के कार्यकाल में शहर में बहुत काम हुए थे। भाजपा शासित नगरपालिका ने काम कम और भ्रष्टाचार ज्यादा किया है।
कांग्रेस कराएगी समस्या निवारण
पूर्व नगराध्यक्ष मयूर जायसवाल ने कहा कि युवक कांग्रेस जो अभियान शुरू करने जा रही है उसमें कांग्रेस के कार्यकर्ता हर वार्ड में जाकर जनता की समस्या एकत्रित करेंगे और उनके निराकरण का प्रयास कराएंगे। जन समस्याओं का इटारसी नपा अगर निराकरण नहीं करेगी तो हम अपने स्तर पर राशि खर्च कर उन समस्याओं को हल करेंगें। ज्यादा बड़ी समस्याओं के निराकरण के लिए आवश्यकता पड़ी तो धरना प्रदर्शन और आंदोलन भी करेंगे।
गुटबाजी को नकारा
पत्रकारों ने कांग्रेस में तीन गुटों के काम करने के सवाल पर कहा कि कांग्रेस में किसी भी प्रकार की गुटबाजी नहीं है कांग्रेस के सभी पदाधिकारी और कार्यकर्ता संगठन की मजबूती के लिए काम कर रहे हैं हमारा जो अभियान चालू किया जा रहा है उसके लिए भी हमने जिला अध्यक्ष और नगर अध्यक्ष से चर्चा कर ली है। उनकी भी हमारे इस अभियान को लेकर पूर्ण सहमति है। उन्होंने कहा कि युवक कांग्रेस का यह अभियान निजी ब्रांडिंग के लिए बिल्कुल नहीं है बल्कि आमजन की समस्या निराकरण कराने के लिए है।
बड़े नेता तय करेंगे,टिकट किसे मिलेगी
पूर्व नगराध्यक्ष मयूर जायसवाल से जब यह सवाल पूछा गया कि आपके ग्रुप को पहले पूर्व केंद्रीय मंत्री सुरेश पचौरी का तगड़ा सपोर्ट था अब वे भाजपा में है तो आपका ग्रुप या आप टिकट पाने की लड़ाई कैसे जीतेंगे, इस सवाल के जवाब में मयूर जायसवाल ने कहा कि कांग्रेस संगठन से टिकट मांगना सबका अधिकार है। उनके (पचौरी) के कांग्रेस में नहीं रहना कोई विषय नहीं है। पार्टी के वरिष्ठ नेता ही टिकट देने का निर्णय करेंगे। पार्टी यहां जिसे भी टिकट देगी कांग्रेस के सभी कार्यकर्ता उसके लिए काम करेंगे।
यह रहे मौजूद
पत्रकार वार्ता में युवक कांग्रेस नर्मदापुरम विस अध्यक्ष सौम्य दुबे, हिमांशु अग्रवाल, सर्वप्रीत सिंह भाटिया, गोल्डी बेस, प्रतीक मालवीय, गोल्डी चौधरी, मयंक चौरे सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
