नपा को नहीं मिल रही ट्रेचिंग ग्राउंड की जमीन
नर्मदापुरम. नर्मदापुरम शहर में खोजनपुर (khojanpur treching ground)ही कचरे के निपटारे के लिए आने वाले दिनों में मददगार साबित होगा क्योंकि नर्मदापुरम नगरपालिका को ट्रेचिंग ग्राउंड बनाने के लिए जमीन ही नहीं मिली है। साल 2025 भी जमीन की तलाश में बीत गया मगर नर्मदापुरम नपा जमीन के मामले में वहीं की वहीं खड़ी नजर आ रही है। नर्मदापुरम नगरपालिका ने राजस्व विभाग के साथ मिलकर तालनगरी में 21 एकड़ जमीन चिन्हित की थी और उसे नपा के हैंडओवर कराने के लिए नगरपालिका के माध्यम से प्रस्ताव बुलाने की योजना बनाई थी जिसमें ग्रामीणों के विरोध के चलते ब्रेक लगाना पड़ा। मजबूरन नपा को खोजनपुर में ही कचरा डंप करना पड़ रहा है। इधर खोजनपुर से कचरे का पहाड़ हटाने के लिए मार्च माह तक की डेडलाइन रखी गई है। फिलहाल खोजनपुर में कचरा निपटान के लिए कंपनी द्वारा एक ही ट्रोमल मशीन का उपयोग किया जा रहा है। काम में तेजी लाने के लिए नगरपालिका ने भी एक नई ट्रोमल मशीन ले ली है और कंपनी भी जल्द ही एक और ट्रोमल मशीन यहां लगाने जा रही है। इन तीन मशीनों के एक साथ काम करने से जल्द ही खोजनपुर कचरामुक्त हो जाएगा। कुल मिलाकर नर्मदापुरम नपा ने ट्रेचिंग ग्राउंड के लिए शहर के आसपास जमीन की तलाश फिलहाल बंद कर दी है और पूरा ध्यान खोजनपुर में ही कचरा निपटान पर लगा दिया है।
ट्रेचिंग ग्राउंड के लिए कब-कब हुए प्रयास
ट्रेचिंग ग्राउंड शहर के बाहर बनाने के लिए नर्मदापुरम नगरपालिका(narmadapuram nagarpalika
) लंबे समय से प्रयास कर रही है मगर अब तक सफलता नहीं मिली है। नगरपालिका प्रशासन ने सबसे पहले वर्ष 2018 में माखननगर के बज्जरवाड़ा और उसके बाद वर्ष 2020 में रंढ़ाल और डोलरिया के गुनौरा में भी जमीन देखी थी मगर ग्रामीणों के तीखे तेवरों के चलते बात आगे नहीं बढ़ी जिससे कुछ नहीं हो सका। इसके बाद वर्ष 2022 पवारखेड़ा में 20 एकड़ ट्रेचिंग ग्राउंड की प्लानिंग की थी जो विवादों की भेंट चढ़ गई और मामला वहीं थम गया था।
शासन ने स्वीकृत की है 10.78 करोड़ की राशि
ट्रेंचिंग ग्राउंड शिफ्टिंग के लिए नपा ने 16 करोड़ 67 लाख रुपए का प्रस्ताव भेजा था, लेकिन शासन ने 10 करोड़ 78 लाख की राशि स्वीकृत की है। साथ ही इसके लिए टेंडर भी जारी हो गए थे मगर ट्रेंचिंग ग्राउंड शिफ्ट होने से पहले विरोध के घटनाक्रम ने शासन के महत्वाकांक्षी प्रोजेक्ट में अड़ंगा लगा दिया। अब जब तक यह अड़ंगा नहीं हट जाता है तब तब शहर की हवा को जहरीली करने वाले अड्डे के हटने की उम्मीद पालना बेमानी है।
ट्रेचिंग ग्राउंड हटाने खर्च होंगे 3.42 करोड़
नपा शहर के खोजनपुर में शहर से निकलने वाले कचरे को डंप कर रही है। ट्रेंचिंग ग्राउंड में नपा 7.50 एकड़ में कचरा एकत्रित कर रही है जबकि हकीकत यह है कि 3.50 एकड़ में ही कचरा फेंका जा रहा है। जबकि अधिकतर जमीन पर अतिक्रमण है। ट्रेंचिंग ग्राउंड के कचरे के निपटारे के लिए टेंडर भी जारी किए गए हैं। इसके तहत 3 करोड़ 42 लाख 62 हजार 800 की राशि स्वीकृत की गई है। नगर पालिका ने इसके लिए 4 करोड़ 99 लाख का प्रस्ताव भेजा था।
जल्द चालू होंगी 2 और मशीनें
खोजनपुर के ट्रेचिंग ग्राउंड पर पिछले कई महीनों से 1 ट्रोमल मशीन से काम हो रहा है। नर्मदापुरम नपा ने काम में तेजी लाने के लिए खुद की एक ट्रोमल मशीन खरीद ली है। वहीं कंपनी को भी एक और मशीन लगाने के लिए कहा था। कंपनी भी जल्द ही एक और ट्रोमल मशीन यहां लगाने की तैयारी में है। तीन मशीनों के एक साथ चलने से यहां से कचरे के निपटान की गति में तेजी आएगी।
प्रतिदिन 120 टन कचरे की प्रोसेसिंग
शहर में प्रतिदिन डेढ़ क्विंटल से ज्यादा प्लास्टिक कचरा निकल रहा है। इनमें सबसे ज्यादा प्लास्टिक पानी की बॉटल व पॉलीथिन का कचरा है। नगर पालिका ने प्लास्टिक बॉटल का कचरा एकत्रित करने के लिए नर्मदा कॉलेज के सामने, पानी की टंकी तिराहा सहित अन्य जगहों पर डस्टबिन लगाए हैं। प्लास्टिक बॉटल जमा करने के बाद उनको लेकर नवाचार भी किया जा रहा है। कंपनी ने अक्टूबर माह में काम शुरू किया था। अभी यहां १२० टन प्रतिदिन कचरे का निष्पादन हो रहा है।
इनका कहना है
कंपनी ने मार्च माह तक खोजनपुर से कचरा साफ करने की डेडलाइन तय की है। फिलहाल एक ट्रोमल मशीन से १२० टन कचरे का निष्पादन किया जा रहा है। जल्द ही यहां पर दो और मशीनें लगाई जाएंगी जिससे कचरे का निष्पादन तेजी से होगा।
दीक्षा तिवारी, उपयंत्री स्वच्छता नपा नर्मदापुरम
अभी फिलहाल हम खोजनपुर में ही कचरा डंप कर उसकी प्रोसेसिंग करा रहे हैं। ट्रेचिंग ग्राउंड के लिए जगह ढूंढने के प्रयास भी चल रहे हैं मगर जमीन नहीं मिल रही है।
हेमेश्वरी पटले, सीएमओ नर्मदापुरम
