लोक अदालत बनी ‘संजीवनी’
इटारसी नपा को मिला 83 लाख और नर्मदापुरम नपा को 65 लाख का वित्तीय सहारा
इटारसी। जिले में इटारसी और नर्मदापुरम नपा दो बड़े नगरीय निकाय है। इन दोनों में टैक्स वसूली की स्थिति कुछ खास अच्छी नहीं है। राजस्व विभाग के कर्मचारियों पर दबाव के बावजूद वे उतना टैक्स नहीं वसूल पाते हैं जितना वसूला जाना चाहिए। इसकी एक प्रमुख वजह प्रभावशाली करदाताओं द्वारा समय पर राशि जमा नहीं करना और दूसरा सामान्य लोगों द्वारा टैक्स जमा करने में ढिलाई बरतना मुख्य है। इन हालातों में नेशनल लोक अदालत जैसी पहल दोनों नगरीय निकायों के लिए बड़ी कारगर साबित होती है। एक बार फिर से नेशनल लोक अदालत दोनों नगरपालिकाओं के लिए संजीवनी साबित हुई है। इस अदालत के लिए जारी किए गए नोटिसों के चलते कुल 1 करोड़ 48 लाख की राशि दोनों नगरपालिकाओं में अलग अलग जमा हुई है। इसमें इटारसी नपा ने वसूली के मामले में नर्मदापुरम नपा को काफी पीछे छोड़ दिया है। नगर पालिका परिषद इटारसी के लिए नेशनल लोक अदालत का आयोजन वित्तीय संकट के बीच एक बड़ी राहत लेकर आया है। तमाम चुनौतियों के बावजूद, इस लोक अदालत के माध्यम से नगर पालिका ने कुल 83 लाख रुपये की प्रभावशाली वसूली की है। यह सफलता इसलिए और भी महत्वपूर्ण है क्योंकि लोक अदालत के आयोजन के दौरान नगर पालिका के सभी वसूलीकर्ता भारत निर्वाचन आयोग के SIR सर्वे कार्य में लगे हुए थे। राजस्व कर्मचारियों की अनुपस्थिति के बावजूद, राजस्व निरीक्षक के विशेष प्रयासों के कारण यह बड़ी वसूली संभव हो पाई।
संकटग्रस्त पालिका को मिला ‘बड़ा सहारा‘
नगर पालिका परिषद इटारसी जो वित्तीय संकट से जूझ रही थी, उसे इस लोक अदालत के माध्यम से बड़ी राहत मिली है। लाखों रुपये की यह वसूली नगरपालिका को बड़ा वित्तीय सहारा प्रदान करेगी, जिससे विकास कार्यों और आवश्यक खर्चों को गति मिल सकेगी।
नर्मदापुरम नपा को मिले 65 लाख

नर्मदापुरम्। नगरपालिका कार्यालय परिसर में लगी नेशनल लोक अदालत में नागरिकों आज विशेष रूचि दिखाई। सुबह 9 बजे से देर शाम तक नागरिक अपने समस्त प्रकार के कर जमा करते रहे। इस दौरान करीब 65 लाख से अधिक का कर जमा किया गया। नेशनल लोक अदालत का निरीक्षण नपाध्यक्ष नीतू महेंद्र यादव एवं मुख्य नगरपालिका अधिकारी हेमेश्वरी पटले द्वारा किया गया। नागरिकों की संख्या को देखते हुए नगरपालिका परिसर में कर जमा करने टेबलों की संख्या बढ़ाई गई। नागरिकों को बैठने के लिए कुर्सियों की संख्या बढ़ाई गई। साथ ही पेयजल की व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए। नपा के अन्य कर्मचारियों को सहायक कर्मचारियों के रूप में कार्य करने के निर्देश दिए गए। समूची राजस्व शाखा की टीम सुबह से देर शाम तक कर जमा करने में लगी रही। राजस्व शाखा के हरीश गोस्वामी ने बताया कि इस अवसर पर एआरआई ब्रजेश संवारे, सुनील अवस्थी,राजेश दीवान, दिलावर बेग, दाताराम सगर, रवि सूर्यवंशी, दुर्गेश सोनिया, मयंक चौबे, सिंकदर, हर्षिता नामदेव, योगेश पटले, गौरव वर्मा आदि उपस्थित थे।
