लाल रोड की सूरत सुधारने चली जेसीबी, ट्रैफिक का दबाव कम करने की प्लानिंग..

इटारसी। सूरजगंज चौराहे से सोनासांवरी नाका जाने वाली सड़क पर ट्रैफिक का दबाव बढ़ता जा रहा है। दिन में कई बार जाम के हालात बनते हैं। शाम को ट्रैफिक जाम के हालात और बदतर हो जाते हैं। इस समस्या से निजात पाने अब नगरपालिका प्रशासन ने राठी दाल मिल के पास लाल रोड पर फोकस किया है। नगरपालिका प्रशासन ने जेसीबी मशीन से इस सड़क का समतलीकरण का काम चालू कर दिया है। जेसीबी मशीन से बुधवार को सड़क के ऊबड़ खाबड़ रास्ते को समतल किया गया है। इसके बाद नगरपालिका सड़क पर मुरम और जीरा गिट्टी की फिलिंग कराएगी। उसके बाद उस पर रोड रोलर चलाकर सड़क को इस तरह से तैयार किया जाएगा कि चार पहिया वाहन भी आसानी से चल सकें। ट्रैफिक जाम की स्थिति में वाहन चालक यहां से आसानी से निकल सकेंगें। नगरपालिका प्रशासन ने सड़क की सूरत सुधारने पर ध्यान दे दिया है मगर वहां लगे स्ट्रीट लाइटों पर ध्यान नहीं दिया गया है। इस सड़क पर रात में अंधेरा पसरा रहता है। इस मामले में नपाध्यक्ष पंकज चौरे ने कहा कि लाल रोड को फिलहाल अस्थाई तौर पर सुधारा जा रहा है ताकि मुख्य सड़क पर ट्रैफिक का दबाव कम किया जा सके। इससे कुछ हद तक राहत मिलने की उम्मीद है। उन्होंने कहा कि सड़क पर स्ट्रीट लाइट की व्यवस्था भी की जाएगी। सूरजगंज की कुछ गलियों को खोलने पर विचार कर रहे हैं मगर गलियों में आगे निजी जमीन होने से कनेक्टिविटी की समस्या आ रही है इसलिए फिलहाल इस पर काम होना मुश्किल है।