नर्मदापुरम। स्वच्छता सर्वेक्षण सर्वे 2024 का रिजल्ट घोषित हो गया है। नर्मदापुरम संभाग में आने वाली नर्मदापुरम नपा ने 3 स्टार हासिल करते हुए संभाग की पहली नपा बनने का गौरव हासिल किया है। इसके अलावा इस निकाय ने ओडीएफ ++ सर्टिफिकेट भी हासिल किया है। इस सर्वेक्षण में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए नपाध्यक्ष नीतू यादव और सीएमओ हेमेश्वरी पटले द्वारा हर गतिविधि पर नजर रखते हुए स्वच्छता कार्य की कसावट करके रखी गई थी इस उपलब्धि ने सीएमओ हेमेश्वरी पटले के कार्यकाल को स्वर्णिम इतिहास के पन्नों में दर्ज करा दिया है। 3 स्टार प्राप्त होने पर नपाध्यक्ष नीतू यादव और मुख्य नगरपालिका अधिकारी हेमेश्वरी पटले द्वारा नागरिकों और नपा के अधिकारी कर्मचारियों को बधाई दी गई।
50 हजार से 3 लाख जनसंख्या वाले शहरो में बनाई जगह
भारत सरकार द्वारा स्वच्छ सर्वेक्षण 2024- 25 में निकाय को 50,000 – 3 लाख जनसंख्या वाले निकायों में उनके प्रदर्शन के आधार पर नर्मदापुरम नपा को चयनित किया। नर्मदापुरम नपा को 26वीं नेशनल रैंकिंग एवं मध्य प्रदेश राज्य स्तर पर 24 वीं रैंकिंग प्राप्त हुई है।
स्वच्छता में एक नई मिसाल
स्वच्छ सर्वेक्षण 2024 में नर्मदापुरम् ने 50,000 से 3 लाख की आबादी वाले शहरों की श्रेणी में राष्ट्रीय स्तर पर 26 वीं रैंक प्राप्त की है। यह एक उल्लेखनीय उपलब्धि है। इसके साथ ही नपा को गार्बेज फ्री सिटी में 3 स्टार रेटिंग और खुले में शौच मुक्त का दर्जा भी मिला है। इस उपलब्धि पर नगरपालिका गलियारों में खुशी का माहौल है।
इनका कहना है
यह सम्मान इस बात का प्रमाण है कि शहर स्वच्छता के उच्चतम मानकों को पूरा कर रहा है और एक स्वच्छ, सुंदर और स्वस्थ वातावरण प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है। सभी जनप्रतिनिधियो के मार्गदर्शन में हम आगे भी कार्य करते रहेंगे।
हेमेश्वरी पटले, मुख्य नगरपालिका अधिकारी, नर्मदापुरम्
यह उपलब्धि केवल एक रैंक नहीं, बल्कि हमारे शहर के हर नागरिक की स्वच्छता के प्रति जागरूकता और समर्पण का प्रतीक है। हम सभी को इस पर गर्व है और हम भविष्य में भी इस गौरव को बनाए रखने के लिए संकल्पित हैं। हम सब मिलकर नर्मदापुरम को देश के सबसे स्वच्छ शहरों में से एक बनाए रखने की दिशा में निरंतर प्रयास करते रहेंगे। नीतू यादव, नपाध्यक्ष, नर्मदापुरम्

