इटारसी। सरला मंगल भवन के सामने वाली गली सूरजगंज में सोमवार सुबह करीब 10 बजे दो पक्षों में विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ा कि एक युवक ने दूसरे पक्ष की महिला और उसके नाबालिग बेटे पर तलवार से हमला कर दिया। दोनों पक्ष आपस मे सगे रिश्तेदार हैं। तलवार लगने से मां और बेटे बुरी तरह घायल हैं। घायलों का नर्मदापुरम के जिला चिकित्सालय और नर्मदा अस्पताल में इलाज चल रहा है। पुलिस ने मामले में पड़ताल शुरू कर दी है। तलवारबाजी की इस घटना से गली में रहने वाले अन्य परिवार दहशत में आ गए थे। जानकारी के अनुसार ऑटोचालक रामखिलावन उर्फ मुन्ना का उसकी चचेरी बहन साथ पुराना विवाद चल रहा है। सोमवार को भी सुबह 10 बजे मुन्ना का उसकी चचेरी बहन के साथ विवाद हुआ था। इस विवाद में उनके बीच गाली गलौच के बाद झूमाझटकी हुई थी। इसके बाद मुन्ना अपने घर लौट आया था। विवाद की जानकारी मिलने पर मुन्ना का नाबालिक भांजा गुस्से में मुन्ना के घर पहुंच गया तो विवाद और बढ़ गया। विवाद बढ़ने के बाद मुन्ना ने अचानक तलवार से भांजे समीर पर हमला कर दिया। तलवार लगने से समीर चिल्लाते हुए घर की तरफ भागा तो मुन्ना की चचेरी बहन भी आ गई। बीचबचाव के दौरान तलवार महिला के हाथ में।लगने से वह भी घायल हो गई। घटना की खबर मिलते पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल भिजवाया गया। घायलों को जिला चिकित्सालय रेफर किया गया। बाद में मारपीट के मामले में घायल नाबालिग समीर चौहान को जिला अस्पताल से नर्मदा अस्पताल में शिफ्ट किया गया। नाबालिग समीर को सिर और हाथ पैर में तलवार के घाव लगे हैं। नाबालिग की मां को भी तलवार लगने से वह भी बुरी तरह घायल है। महिला का उपचार जिला अस्पताल में किया जा रहा है। नर्मदा अस्पताल के व्यवस्थापक मनोज सारण ने बताया कि नाबालिक के सिर और हाथ-पैर में तलवार लगी है। नाबालिक का खून ज्यादा बहा है। अभी सकी हालत स्थिर है। इधर फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि मामले जल्द ही कार्रवाई की जाएगी।
जन की बात , जन के साथ…….नर्मदापुरम संभाग का बेबाक़ अख़बार
