शहर में बढ़ते अपराधों को लेकर वाल्मीकि समाज ने जताई चिंता, एसडीओपी को सौंपा ज्ञापन..

इटारसी।  शहर में लगातार बढ़ रही चाकूबाजी की घटनाओं पर रोकथाम की मांग को लेकर वाल्मीक समाज ने अनुविभागीय पुलिस अधिकारी वीरेंद्र मिश्रा से मुलाकात की। वाल्मीकि समाज के सदस्यों ने शहर में अपराधों की रोकथाम के लिए कठोर कदम उठाने संंबंधी ज्ञापन भी सौंपा।
वाल्मीकि समाज के पटेल भाजपा नेता दिलीप मैना ने कहा कि इटारसी शहर में पिछले कुछ दिनों से लगातार चाकूबाजी की घटनाएँ सामने आ रही हैं, जिससे पूरे शहर में भय, असुरक्षा एवं आक्रोश का वातावरण व्याप्त हो गया है। गत शुक्रवार से अब तक शहर में 5 गंभीर चाकूबाजी की घटनाएँ घटित हो चुकी हैं। सबसे अधिक चिंताजनक बात यह है कि प्रारंभिक घटनाओं में 15 से 17 वर्ष आयु वर्ग के नाबालिग किशोरों का नाम सामने आया है। कम उम्र के बच्चों का इस प्रकार गंभीर आपराधिक गतिविधियों में शामिल होना समाज एवं प्रशासन दोनों के लिए अत्यंत गंभीर चिंता का विषय है। यदि समय रहते प्रभावी कदम नहीं उठाए गए, तो यह प्रवृत्ति भविष्य में और अधिक भयावह रूप ले सकती है। शहर में लगातार बढ़ते अपराधों के कारण आम नागरिक स्वयं को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। विशेष रूप से स्कूल एवं कॉलेज जाने वाली छात्राओं तथा महिलाओं में भय का वातावरण है, जिसके कारण वे अकेले घर से निकलने में भी संकोच एवं डर महसूस कर रही हैं। अभिभावकों में भी अपने बच्चों की सुरक्षा को लेकर गहरी चिंता व्याप्त है। उन्होंने कहा कि सभी सामाजिक प्रतिनिधि एवं नागरिक मांग करते हैं कि इटारसी शहर में कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ करने, अपराधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने तथा आमजन में सुरक्षा की भावना स्थापित करने हेतु तत्काल कठोर एवं प्रभावी कार्रवाई की जाए। साथ ही नाबालिग अपराधियों की गतिविधियों पर विशेष निगरानी रखी जाए तथा ऐसे असामाजिक तत्वों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। इस अवसर पर उप पटेल बबलू महोरिया, शैंकी चुटीले, सतीश डागर, पुनीत गोहर, महेश धुरिया, मुकेश सरवन, अन्नू गाचले, कमल सिहोते, विजय ढोलपुरिया आदि मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *