
इटारसी। शहर में अपराध कम होने का नाम नहीं लें रहे है। अब बुधवार को शहर में दो घटनाओं में खून बहा। एक घटना में बालाजी मंदिर क्षेत्र में रहने वाले युवक पर जानलेवा हमला हुआ तो दूसरी घटना में एक युवक पर हंसिया से हमला कर उसे घायल कर दिया गया। जानकारी के अनुसार बुधवार सुबह 11 बजे गुरुनानक दाल मिल के पास धारदार वस्तु से हमले की घटना में एक युवक देवीप्रसाद भदौरिया घायल हो गया। उसे गंभीर हालात में निजी अस्पताल में उपचार के लिए भर्ती किया है, जहां उसे आईसीयू में उपचार दिया जा रहा है। बताया जाता है कि बाइक से पानी उछलकर कपड़ों पर आने से तात्कालिक विवाद के बाद यह घटना हुई है जबकि पीड़ित ने घटना का कारण आरोपी द्वारा शराब के लिए पैसे मांगने और नहीं देने पर हमला करना बताया है। घायल युवक ने कहा उसे चाकू मारा गया है। टीआई गौरव बुंदेला के अनुसार पुलिस की टीम डॉक्टर से संपर्क में है, मामले की जानकारी जुटाई जा रही है। हमला करने वाले युवक का नाम रोहित कुचबंदिया बताया जा रहा है। यहां पीड़ित का कहना है कि उस पर चाकू से हमला किया है। आरोपी ने पुलिस को बताया कि बाइक से पानी के छींटे उछलकर कपड़ों पर आने से विवाद होने पर देवीदास पिता उत्तम भदौरिया ने उसे गालियां दी थीं तो उसने टाइल्स का टुकड़ा मारा है, जो उसकी पीठ तथा पेट और जांघ के बीच लगा है। घटना में उसे गंभीर चोट आयी तथा अधिक खून बह जाने से दयाल अस्पताल में भर्ती किया गया। घायल युवक कॉलेज स्टुडेंट है, जो बालाजी मंदिर के पास रहता है। पीड़ित युवक का कहना है कि उस पर चाकू से हमला किया गया है। पीड़ित पक्ष ने पुलिस से आरोपी के भाई, चाची और भाभी के भी शामिल होने की शिकायत की है। पीड़ित के साथ वाले भी यही कह रहे हैं, जबकि पुलिस अब भी असमंजस में है। टीआई का कहना है कि जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी। टीआई ने बताया कि आरोपी पर पूर्व में भी प्रकरण दर्ज हैं। घायल युवक की मां कुंती भदौरिया ने बताया कि उनके बेटे पर छोटी सी बात को लेकर जानलेवा हमला किया गया। परिजन और शुभचिंतकों ने उसे दयाल अस्पताल में भर्ती किया। दयाल अस्पताल में डॉक्टरों ने हमें सारी चीजों की स्पष्ट जानकारी देकर बहुत अच्छा उपचार दिया जिससे उसकी स्थिति बिगड़ने से बच गई। हमें यहां अच्छे से अच्छा उपचार दिया गया। हमने दयाल अस्पताल को लेकर पिछले दिनों कुछ बातें भी सुनी थी मगर हमें यहां ऐसा कुछ नहीं लगा। ना तो हमसे कोई तत्काल पैसे मांगे गए और ना ही कोई बात छिपाई। हमारे बेटे को यहां अच्छा उपचार दिया जा रहा है। इधर दूसरी ओर एक अन्य घटना में नाला मोहल्ला रोड स्थित ठंडी पुलिया के पास एक युवक पर हंसिया से हमला कर उसे घायल कर दिया गया। हंसिया युवक की पीठ में लगने से वह बुरी तरह लहूलुहान हो गया। युवक को सरकारी अस्पताल में प्राथमिक उपचार दिया गया। बाद परिजन उसे भी लेकर दयाल अस्पताल पहुंचे जहां युवक का उपचार किया जा रहा है।
